डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के संकिसा दौरे की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, संकिसा में पुलिस चौकी के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत
मैनपुरी/संकिसा;
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगामी 26 अक्टूबर को संकिसा स्थित वाई.बी.एस. सेंटर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अभिधम्म दिवस समारोह में शामिल होने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान हेलीपैड, संपर्क मार्ग, वीआईपी सेफ हाउस, विभागीय समीक्षा बैठक कक्ष, भोजन कक्ष और मुख्य सभा स्थल की व्यवस्थाओं को देखा गया। अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
25 अक्टूबर तक पूरा हो हेलीपैड का निर्माण
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को राजघाट, संकिसा के निकट निर्धारित हेलीपैड का निर्माण 25 अक्टूबर की शाम तक मानक और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए। हेलीपैड से मुख्य कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त और समतल बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके।
वाई.बी.एस. सेंटर परिसर में बनाए जाने वाले वीआईपी सेफ हाउस, विभागीय समीक्षा बैठक कक्ष और विशिष्ट अतिथियों के भोजन कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। विद्युत विभाग को कार्यक्रम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और मंच पर विद्युत सुरक्षा की समय से जांच कराने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के रहेंगे इंतजाम
प्रशासन ने आयोजन स्थल, बौद्ध विहार के आसपास और संपर्क मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी, बेवर को अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने के साथ स्वच्छ पेयजल, पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों के अनुसार, संकिसा में आयोजित होने वाले बौद्ध समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के साथ म्यांमार, कंबोडिया, थाईलैंड और कोरिया सहित अन्य देशों से भी बौद्ध अनुयायियों तथा स्थानीय नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस को कार्यक्रम स्थल के निकट पर्याप्त क्षमता वाले पार्किंग स्थल चिह्नित करने, बैरिकेडिंग कराने और मुख्य मार्गों पर सुगम आवागमन के लिए समय रहते रूट डायवर्जन प्लान लागू करने को कहा गया, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
संकिसा में पुलिस चौकी के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने जसराजपुर तिराहे पर प्रस्तावित पुलिस चौकी के निर्माण स्थल का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि संकिसा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और प्रमुख चौराहों पर चौबीस घंटे सुरक्षा निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित पुलिस चौकी के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित पुलिस चौकी के लिए भी पांच लाख रुपये आवंटित किए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने तत्काल जेसीबी लगाकर नींव की खुदाई शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही चौकी भवन, कार्यालय, शौचालय और आवासीय व्यवस्था का निर्माण आगामी दो माह के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी भोगांव, प्रभारी निरीक्षक भोगांव, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, आरईडी के अधिकारी और सूरज बौद्ध सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।






