दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात 3.0’: सैकड़ों गिरफ्तार, अवैध हथियार-नशीले पदार्थ और लाखों की नकदी बरामद

⏱ 1 min read

दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात 3.0’: सैकड़ों गिरफ्तार, अवैध हथियार-नशीले पदार्थ और लाखों की नकदी बरामद

दिल्ली:

नए साल के जश्न से पहले राजधानी में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात बड़े पैमाने पर ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ चलाया। इस दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों के साथ सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया तथा चोरी का सामान भी बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 285 लोगों को आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया, जबकि 504 लोगों को एहतियाती कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया। इसी दौरान 116 सूचीबद्ध अपराधियों (बैड कैरेक्टर्स) को भी पकड़ा गया। कुल मिलाकर 1,306 लोगों पर प्रिवेंटिव एक्शन लिया गया।

हथियार, नकदी और भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—

  • 21 देशी पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस
  • 27 चाकू
  • 12,258 क्वार्टर अवैध शराब
  • 6.01 किलो गांजा
  • ₹2.30 लाख नकद

इसके अलावा 310 मोबाइल फोन, 231 दो-पहिया वाहन और एक चार-पहिया वाहन भी बरामद या जब्त किए गए।

दक्षिण-पूर्व दिल्ली के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि यह अभियान नए साल से पहले राजधानी में अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया।

नरेला में पुलिस मुठभेड़, दो वांछित अपराधी घायल

इसी दौरान पुलिस ने नरेला क्षेत्र में एक संक्षिप्त मुठभेड़ में दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अफजल उर्फ इमरान और चंदन उर्फ काकू के रूप में हुई है, जो नरेला थाने के सूचीबद्ध अपराधी हैं और कई मामलों में वांछित थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने स्पेशल पिकेट देखकर तीन राउंड फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। उन्हें पहले आरएचसी अस्पताल और बाद में बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मौके से पुलिस ने दो पिस्तौल, मोबाइल फोन, बाइक और पांच खाली कारतूस बरामद किए। दोनों पर कथित रूप से हत्या के प्रयास, लोक सेवक पर हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है।

त्योहारों से पहले सुरक्षा कड़ी

दिल्ली पुलिस का कहना है कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान भीड़-भाड़ और आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए शहर भर में निगरानी और सर्च ऑपरेशन को और तेज किया गया है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को पहले ही रोका जा सके।


 

Related Stories

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×

सबसे पहले खबर पाएं!

हमारे दैनिक न्यूज़लेटर की सदस्यता लें और मैनपुरी की हर ताज़ा खबर से अपडेट रहें।

Scroll to Top