भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची टीम इंडिया
मुंबई--टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रही है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

संजू सैमसन की धमाकेदार पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
हालांकि इसके बाद संजू सैमसन ने भारतीय पारी को मजबूती दी। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान सैमसन ने 8 चौके और 7 छक्के लगाए और टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।
मध्यक्रम में शिवम दुबे ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 25 गेंदों में 43 रन बनाए। उन्होंने बड़े शॉट्स लगाते हुए रन गति को बनाए रखा।
अंतिम ओवरों में तिलक और हार्दिक का तूफान
भारतीय पारी के अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने तेजी से रन बनाए। तिलक वर्मा ने सिर्फ 7 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेली। वहीं हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम का स्कोर 253 तक पहुंचा दिया।
यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने अपने चार ओवर में 61 रन लुटा दिए।
इंग्लैंड की खराब शुरुआत
254 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट सिर्फ 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक भी 7 रन बनाकर आउट हो गए।
जोस बटलर ने तेज शुरुआत की लेकिन वह इसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 17 गेंदों में 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए। टॉम बैंटन ने 5 गेंदों में 17 रन बनाए लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके।
95 रन के स्कोर तक इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे और टीम मुश्किल स्थिति में थी।
जैकब बेथेल का शानदार शतक
इसके बाद विल जैक्स और जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन की तेज साझेदारी की।
विल जैक्स 20 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और कुल 48 गेंदों में 105 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में बेथेल ने 8 चौके और 7 छक्के लगाए।
सैम करन ने भी 14 गेंदों में 18 रन बनाए और बेथेल के साथ 50 रन की साझेदारी की, लेकिन अंत में इंग्लैंड की टीम लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई।

भारतीय गेंदबाजों ने दबाव में दिखाया दम
भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या सरतीय गेंदबाजों ने दबाव में दिखाया दमबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने भी एक-एक विकेट लेकर इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा।
आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार नियंत्रण दिखाते हुए इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।
अब न्यूजीलैंड से होगा फाइनल मुकाबला
इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।



