हमसे ज्यादा गाय की पूजा करता हो तो बताओ: अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला गाय पूजा, नोएडा इंजीनियर मौत, KGMU और SIR को लेकर सरकार व चुनाव आयोग पर साधा निशाना
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाय की पूजा को लेकर बड़ा बयान देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर कोई उनसे ज्यादा गाय की पूजा करता हो तो सामने आकर बताए। उन्होंने कहा, “हमारे यहां जब सुबह भोजन बनता है तो पहली रोटी गाय के लिए जाती है। अगर किसी BJP नेता के यहां ऐसा होता हो तो मुझे बताएं।”
अखिलेश यादव ने कहा कि धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करने वालों को पहले अपने घर की परंपराएं देखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP केवल दिखावे की राजनीति करती है, जबकि समाजवादी परंपरा में गाय की सेवा और पूजा वर्षों से होती आ रही है।
इस दौरान सपा प्रमुख ने नोएडा में इंजीनियर की मौत के मामले को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर सरकार में जरा भी हिम्मत है तो नोएडा के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी को हटाकर दिखाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सबसे बड़ी लापरवाही पुलिस की रही है, लेकिन कार्रवाई नोएडा अथॉरिटी के CEO पर की जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि CEO को इसलिए हटाया गया क्योंकि वह सरकार के इशारे पर काम नहीं कर रहा था।
अखिलेश यादव ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) को लेकर भी विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि KGMU की इमारत क्रिश्चियन समुदाय द्वारा बनाई गई थी और सवाल उठाया कि क्या अब सरकार KGMU को भी तोड़ने की तैयारी में है।
इसके अलावा उन्होंने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर भारत निर्वाचन आयोग पर भी सवाल खड़े किए। अखिलेश यादव ने कहा कि SIR के बाद भी मतदाता सूची में गंभीर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही नाम से दो-दो वोट बनाए जा रहे हैं और BLO की ट्रेनिंग में भारी लापरवाही हुई, जिससे कई BLO की जान तक चली गई।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से निष्पक्षता बरतने और सभी राजनीतिक दलों का सहयोग करने की मांग की।




akhilesh yadav