मैनपुरी–किशनी थाना क्षेत्र के छोटा हरजपुर गांव में खेत की मेड़ और सरकारी जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद रविवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में फायरिंग और धारदार हथियारों से हमले में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र सिंह चौहान और भारत सिंह भदौरिया पक्ष के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। रविवार को खेत की जुताई के दौरान मेड़ टूटने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में दीपांशु पुत्र सोनपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कुलदीप पुत्र शिशुपाल, हिमांशु पुत्र अशोक सिंह, अरविंद पुत्र सूरजपाल समेत चार लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और कारतूसों के खोखे एकत्र कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक घायल आरोपी को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



