मैनपुरी
उत्तर प्रदेश की 9 विधासभा सीटों पर उपचुनाव के लिए प्रचार का आज सोमवार को अंतिम दिन था। सभी प्रमुख पार्टियां जोरशोर से चुनाव प्रचार में जुटी रही। मैनपुरी की करहल उपचुनाव सीट के लिये आज मैनपुरी सांसद श्रीमती डिम्पल यादव की अगुवाई में बदायूं सांसद आदित्य यादव, इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, विधायक मुकुल यादव, बृजेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, पूर्व विधायक अनिल यादव, मानिक चंद्र यादव, वरनाहल ब्लाक प्रमुख नीरज यादव एवं सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव का रोड शो घिरोर कस्बे से शुरू किया गया।

सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव की अगुवाई में घिरोर कस्बे से शुरू हुए रोड शो के स्वागत के लिये सोमवार सुबह से ही यहां नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गयी थी। सपा के रोड शो को लेकर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और जोश दिखाई दें रहा था। सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव के समर्थन में घिरोर कस्बे से शुरू हुए रोड शो में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका जगह-जगह स्वागत किया। सपा का यह रोड़ शो निर्धारित मार्गों से गुजरता हुआ कोसमा चौराहे, दिहुली, बरनाहल कस्बा होता हुआ कस्बा करहल स्थिति जैन इंटर कालेज में समापन हो गया। इसके साथ ही आज शाम 5 बजे करहल समेत प्रदेश की सभी 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिये प्रचार थम गया है।


